भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) हरियालो राजस्थान पौधारोपण अभियान की प्रगति एवं जिला स्तरीय वनमहोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर कमर चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपखण्ड अधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारी से समीक्षा बैठक ली।
जिला कलक्टर चौधरी ने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी अपने विभागवार लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सघन पौधारोपण कर जियो-टैगिंग की जायें। उन्होंने 27 जुलाई को जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम झील का बाड़ा में पौधारोपण करने की तैयारियों को लेकर एडीएम सिटी, डीएफओ और बयाना उपखंड अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाली तीज की थीम पर वेशभूषा एवं सांस्कृतिक आवरण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण कार्यकम में महिला और जनप्रतिनिधि सहित शैक्षणिक संस्थानों के विधार्थियों और सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन, बैंकर्स का सहयोग लिया जाए।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर पौधारोपण करने हेतु ग्रामीणों को प्रेरित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए उपखंड अधिकारी, विभागीय अधिकारी क्षेत्र भ्रमण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान का सफल क्रियान्वयन करने के लिए पौधें की जियो टैगिंग कार्य हेतु जिला मुख्यालय, उपखंड एवं संबंधित विभाग द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित कर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाये। जियो‑टैगिंग से हर पौधे की पहरेदारी करने के लिए कार्य योजना बनाई जाये। उन्होंने कहा कि 27 जुलाई रविवार को सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों की साफ-सफाई करते हुये पौधारोपण करने की गतिविधियां भी संचालित करें।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र ही विभागवार पौधारोपण स्थलों का चयन कर गड्डे करने का कार्य पूर्ण कर 27 जुलाई को शत प्रतिशत पौधारोपण एवं जियो टैगिंग कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज, वन, मनरेगा, राजीविका, शिक्षा, चिकित्सा, नगर निकाय सहित सभी विभाग अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे लक्ष्यों को पूरा किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम की अच्छी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाए। उन्होंने कहा कि चारागाह भूमि, मैदान सड़कों, मेडबंदी, नहरों, तालाबों, सार्वजनिक स्थलों के आसपास पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पशुओं से बचाव करने के लिए पौधे की सुरक्षा के लिए तारबंदी करने निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम में अधिकाधिक जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर एक हजार पौधे लगाए जाने की कार्ययोजना बनाई जाये, साथ ही किसानों के सहयोग से खेतों की मेड पर भी पौधारोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन को जोड़कर जनआंदोलन बनाया जाएं।
बैठक के दौरान सीईओ मृदुल सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी, उपखण्ड अधिकारी गंगाधर मीना, भारती गुप्ता, दीपक मित्तल, सचिन यादव, राजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।