कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलटी पिकअप, 40 घायल: 15 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
गोगामेडी से कठूमर आ रहे थे
अलवर (राजस्थान) गोगामेडी से अलवर लौटते समय झुंझुनूं के पिलानी के निकट रात करीब 9 बजे पिकअप पलट गई। जिससे पिकअप में सवार 40 में से 20 से अधिक लोग घायल हो गए। कुछ घायल अलवर, भरतपुर व झुंझुनूं में भर्ती हुए हैं। अचानक ब्रेक लगाने के कारण पिकअप पलटी थी।
घायल के परिजन राजू ने बताया कि अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के गांव गुंडवास से गोगामेड़ी दर्शन के लिए निकले ग्रामीण शनिवार रात को वापस लौट रहे थे, तब पिकअप के आगे अचानक कुत्ता आ गया। तेजी से ब्रेक लगाने के कारण पिकअप पलट गई। पिकअप में 40 लोग सवार थे, जो सभी घायल हो गए। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से कुछ को गंभीर हालत में जयपुर, भरतपुर और अलवर के लिए रेफर किया गया है।
फिलहाल अलवर के अस्पताल में कैलाश, आशीष सहित कई लोग भर्ती हैं। घायल हुए लोगों में महेंद्र, राजू, लालाराम, गोलू और देवेंद्र सहित कई अन्य शामिल हैं। ये सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। फिलहाल घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।