रैली निकालकर दिया सीवर कनेक्शन व स्वच्छता का सन्देश
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 29 अगस्त। राजस्थान शहरी आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरुकता एवं जन सहभागिता इकाई की ओर से रुंधिया नगर में सीवर कनेक्शन व स्वच्छता के लिये आमजन को जागरुक करने के उद्देश्य से जागरुकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को अधिशाषी अभियन्ता राजुल कुमार, विद्यालय प्रबन्धक सुरेन्द्र सिनसिनवार द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में रुंधिया नगर स्थित बृज विकास माध्यमिक विद्यालय के छा़त्र-छात्राओं द्वारा हाथों मे तख्तियॉं लेकर गंदगी दूर भगाने, सीवर कनेक्षन करवाने के संबंध में नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली द्वारा आमजन को सीवर लाईनों में वर्षा जल को नहीं डालने, स्वच्छ गली-मौहल्ले रखने में भागीदार बनने का आव्हान किया। जागरुकता रैली रुंधिया नगर, प्रिंन्स नगर आदि के विभिन्न रास्तों से होकर वापस स्कूल पहुॅंची। इस मौके पर सामाजिक विकास विषेषज्ञ मनीष कटारा ने सीवर कनेक्शन के साथ-साथ सामुदायिक स्वच्छता को आवश्यक बताते हुये इनके लाभों व महत्त्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अरविन्द तोमर कनि. अभियन्ता ने भी विचार रखे। सीवरेज जागरुकता रैली में लगभग 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता सुनिश्चित की। रैली के समापन पर प्रधानाचार्य नत्थीलाल पाठक, ए.एस.डी. सुरेन्द्रपाल ने भी सीवर कनेक्शन की उपयोगिता, रख-रखाव पर ध्यान देते हुये स्वच्छता अपनाने पर अपने विचार प्रकट किये।


