गोविंदगढ़ क्षेत्र में विधायक सुखवंत सिंह खेतों में पहुंचकर किसानों से मिले, नुकसान की गिरदावरी के दिए निर्देश
गोविन्दगढ़, (अलवर) अलवर जिले में पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश से फसलों में नुकसान हुआ है। जिसको लेकर रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह शनिवार को क्षेत्र के दौरे पर निकले ओर जहां उन्होंने कई गांवों का दौरा कर फसलों में हुए नुकसान का जायजा दिया।
विधायक ने किसानों से मुलाकात कर तहसीलदार, क़ानूनगो और कृषि अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए । जिससे किसानों की फसल खराबी की गिरदावरी रिपोर्ट बनाकर जल्द राज्य सरकार को भेजी जा सके और मुआवजा मिल सके।
विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए हमेशा तत्पर हूं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे प्रदेश में सभी प्रशासनिक अधिकारियों और सभी विधायकों को यह निर्देशित किया गया है कि आप जनता के बीच में जाएं और जहां पर भी अतिवृष्टि हुई है उसके बारे में सही जायजा लेकर उसकी रिपोर्ट दे । जिसकी विधानसभा में रिपोर्ट दी जाएगी। इस समय विधानसभा चल रही है ।उसी सिलसिले में हमने आज गोविंदगढ़ खंड में तहसीलदार गिरदावर पटवारी एवं ग्रामीणों के साथ विभिन्न गांव में जाकर फसल को देखा । प्याज की फसल में नुकसान है । नरमे की फसल में काफी नुकसान हो गया है । बाजरे की फसल में भी नुकसान है । उसमें जो भी नियमानुसार सहायता होगी वह दी जाएगी। इस समय किसानो को सम्बल की जरूरत है और हम किसानों के साथ खड़े हैं।

