देवी भागवत महापुराण के समापन पर प्रेम प्रकाश आश्रम में हवन व भंडारा संपन्न
खैरथल (हीरालाल भूरानी) प्रेम प्रकाश आश्रम, चौरसिया बास रोड पर आयोजित 9 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण के समापन अवसर पर रविवार प्रातः भव्य हवन का आयोजन किया गया। पूर्णाहुति के उपरांत संतों व ब्राह्मणों के लिए विशेष ब्रह्म भोज की व्यवस्था की गई, जिसमें लगभग 300 ब्राह्मणों ने संतों सहित प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का आयोजन प्रेम प्रकाश आश्रम परिवार की ओर से किया गया। आश्रम के महंत रामप्रकाश एवं उनके गुरु ब्रह्मानंद शास्त्री ने सभी संतों व ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया।
सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती, महानिर्वाणी अखाड़ा के पावन सान्निध्य में हुआ। कथा का रसपान करने हेतु हजारों भक्तों ने प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज की। कथा के दौरान भजनों की संगीतमय प्रस्तुतियाँ, शिक्षकों का सम्मान व विविध धार्मिक कार्यक्रम भी संपन्न हुए।
पूर्णाहुति का अनुष्ठान बीकानेर के विद्वान पंडित यज्ञ प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में पंडितों की टीम द्वारा सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर संतों ने विशेष आशीर्वचन भी प्रदान किए। कार्यक्रम में स्वामी विशालता भारती, महंत ब्रह्मानंद शास्त्री, नारायण साईं, महंत रामप्रकाश महाराज, सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा, डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. रामनिवास शर्मा, बृजेश गौड़, रामकरण प्रजापत, इंदर सिंह पंवार, महावीर कुमावत, मुकेश पंवार, अरुणा भास्कर, टीकमदास मोरयानी, देवेंद्र त्रिपाठी, प्रकाश, किशोर खन्ना, विजय कुमार शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।


