पानी की टंकी पर चढ़ा सिविल डिफेंस जवान: आरोप-एडीएम का PA रिश्वत लेकर ड्यूटी लगा रहा
कार्यवाही की मांग,एक घंटे बाद उतरा
अलवर शहर में गुरुवार सुबह वन मंत्री के निवास के सामने पानी की टंकी पर एक सिविल डिफेंस का जवान चढ़ गया। जिसकी मांग है कि एडीएम के पीए पर कार्यवाही की जाए। जवान का कहना है कि एक साल में मेरी केवल दो महीने ही ड्यूटी लगाई गई जबकि चहेतों की साल में 8-8 महीने ड्यूटी लगाई गई। अब जब मेरा ड्यूटी पर वापस नम्बर आया तो ड्यूटी चार्ट में से मेरा व एक दूसरे साथी का नाम काटकर चहेतों का नाम लगा दिया। इस तरह बार-बार रिश्वत देने वालों की ड्यूटी ज्यादा लगाई जाती है जबकि बाकी लोग रह जाते हैं। क्योंकि हम जवानों को ड्यूटी के हिसाब से वेतन मिलता है।
1 घंटे बाद जवान उतरा
तहसीलदार रश्मि शर्मा की समझाइश के बाद जवान भानु नीचे उतर गया और मीडिया से बातचीत में भानु ने कहा- एडीएम का पीए भुवनेश शर्मा ने मेरी व मेरे दोस्त की रोटेशन ड्यूटी काट दी। मेरे साथ रामबाबू की भी ड्यूटी काटी। यह हर बार ऐसे ही करता है, बिना पैसे के कोई काम नहीं करता। भानु की मांग है कि भुवनेश के खिलाफ कार्यवाही की जाए अन्यथा कोई भी कदम उठा सकता हूं।
तहसीलदार ने SHO नहीं होने पर नाराजगी जताई
जब एक घंटे तक भानु ऊपर से नीचे नहीं उतरा तो तहसीलदार रश्मि शर्मा मौके पर पहुंची। वहां उन्होंने समझाइश कर भानु को नीचे उतारा। इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछा कि SHO क्यों नहीं है मौके पर, जिसको लेकर तहसीलदार ने नाराजगी जताई।