रुदावल रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान ,जिला कलक्टर ने सुनी परिवेदनाएं
भरतपुर, 7 अक्टूबर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को रूपवास उपखंड की ग्राम पंचायत रुदावल में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के परिसर में आयोजित इस रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर कमर उल जमान चौधरी ने ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान 45 से अधिक परिवेदनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान वहीं पर किया गया। कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि ग्रामीणों को तत्काल राहत मिल सके।
जिला कलक्टर ने रुदावल क्षेत्र में विकास एवं जनसुविधाओं से संबंधित कई निर्देश भी दिए। उन्होंने अम्बेडकर पार्क से जाटव बस्ती तक जलभराव की समस्या के निस्तारण हेतु कार्य योजना तैयार करने को कहा। ग्राम खेड़ाठाकुर निवासी नेहा की नेत्र चिकित्सा हेतु नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वामित्व योजना में मकानों के पट्टे जारी करने से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु ग्राम विकास अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। साथ ही रुदावल ग्राम पंचायत में जल निकासी हेतु माड़ापुरा रोड पर शेष नाले के निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने तहसीलदार को मूल निवासी प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, ग्राम नाथपुरा में जलभराव निकासी हेतु अवैध निर्माणों को हटाने और उपखंड अधिकारी को मौके पर निरीक्षण कर योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने रुदावल निवासी विनय सिंह के लिए सुलभ शौचालय निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर किसानों को प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना एवं सहकार सदस्यता अभियान , कृषि विभाग संबंधी विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को रास्तों से अतिक्रमण हटाने, नाम संशोधन, कोऑपरेटिव में खाते खोलने, नहर निर्माण, लवकुश छात्रावास व अंबेडकर पार्क हेतु भूमि आवंटन, सड़क डामरीकरण, बीपीएल कार्ड, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, विद्युत कनेक्शन, गौरव पथ सड़कों से अतिक्रमण हटाने, मनरेगा भुगतान, पीएम आवास योजना, गोशाला हेतु भूमि प्रस्ताव, अधूरी सड़कों के निर्माण पूर्ण करने सहित अनेक विषयों पर अपनी समस्याएं रखीं।
रात्रि चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल, तहसीलदार राकेश गिरि, विकास अधिकारी काजल शर्मा, नायब तहसीलदार जयप्रकाश शर्मा, सरपंच जसमति कोली, तथा विद्युत, सार्वजनिक निर्माण, ग्रामीण विकास, पंचायत राज आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
* कौशलेन्द्र दत्तात्रेय