बड़ौदामेव के समीप शीतल गांव में 5 साल से भरा पानी: निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर फैला कीचड़, राहगीर परेशान
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविंदगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत शीतल में सड़कों पर गंदा पानी और कीचड़ भरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शीतल के बूढ़ा शीतल स्थित पंजाबी मोहल्ले में पिछले करीब 5 साल से सड़कों पर गंदा पानी भरा हुआ है। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है।
गंदे पानी के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़कों पर आ जाता है, जिससे ये समस्या गांव के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी बनी हुई है।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इस गंभीर समस्या के चलते कई परिवारों ने अपने घर छोड़कर गांव के बाहर जाकर रहना शुरू कर दिया है।
गोविंदगढ़ पंचायत समिति से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2025 को शीतल ग्राम पंचायत के लिए 9.52 लाख रुपए की राशि का टेंडर जारी किया गया था। इसमें स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) मद से लगभग 3.5 लाख रुपए की लागत से सफाई का काम भी कराया गया है, लेकिन धरातल पर सफाई व्यवस्था कहीं भी देखने को नहीं मिली है।