कार में लिफ्ट देकर किया रेप, मर्डर की दी घमकी: पीड़ित महिला ने आईजी से की शिकायत
एफआईआर के बाद कर रहा परेशान
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) .भरतपुर में रेप की एफआईआर दर्ज होने के 4 दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद से पीड़ित विधवा महिला और उसके दो बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। मंगलवार को पीड़ित महिला ने भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चन्द विश्नोई से मिलकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी।
महिला ने बताया -आरोपी के खिलाफ 7 नवंबर को बयाना (भरतपुर) के कोतवाली थाना में आरोपी के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह मुझे व मेरे बच्चों को मारने की धमकियां दे रहा है।
कार में लिफ्ट देकर ले गया था साथ
बयाना कोतवाली थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार - भीलवाड़ा में एक फैक्ट्री में मजदूरी करने वाली महिला 2 नवंबर को परिवार के एक शादी समारोह में शामिल होने बसेड़ी (धौलपुर) गई थी। महिला 6 नवंबर को बसेड़ी से बयाना थाना इलाके में स्थित अपने घर के लिए निकली।वह सड़क पर बस का इन्तजार कर रही थी। इस दौरान उसी के गांव का परिचित व्यक्ति कार लेकर आया। उसने महिला को घर छोड़ने की बात कही। महिला उसकी कार में बैठ गई। कुछ दूर चलने के बाद आरोपी ने कहा कि उसे दूसरे गांव से कुछ सामान लेकर आना है।वह कार को अनजान रास्ते पर ले गया।
महिला को बहाने से मकान के अन्दर लेकर गया
रिपोर्ट के अनुसार महिला को आरोपी कार से एक मकान के पास लेकर गया। उसने कहा कि मकान के अन्दर एक प्लास्टिक का कट्टा है उसे लेकर आना है। महिला आरोपी के साथ मकान के अन्दर गई। मौका पाकर आरोपी ने मकान का दरवाजा बंद कर दिया । इसके बाद उसने रेप की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद उसने महिला को उसके घर छोड़ा। दूसरे दिन महिला ने थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया। महिला का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी जान से मारने की धमकियां दे रहा है। जांच अधिकारी CO देवेन्द्र जाखड़ ने बताया कि आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।