नगर-डीग रोड पर हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत
राजस्थान के नगर कस्बे में देर रात एक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना डीग रोड स्थित सरकारी कॉलेज के सामने हुई। एक अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी नंदराम मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई।
सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के नर्सिंग स्टाफ चंद्रभान यादव और चालक अरशद खान ने मृतक के शव को नगर उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस को मृतक की पैंट की जेब से एक मोबाइल मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।