कछपुरा गांव में सामुदायिक लाइब्रेरी का शुभारंभ, ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा
सरमथुरा (धौलपुर /नाहर सिंह मीना) धौलपुर जिले में शिक्षा और डिजिटल अधिगम को सशक्त करने के उद्देश्य से सरमथुरा ब्लॉक के कछपुरा गांव में ज्ञानदीप सामुदायिक लाइब्रेरी का उद्घाटन जिला परिषद सीईओ अवध निवृत्ति सोमनाथ द्वारा किया गया।
सीईओ सोमनाथ "किताब का पहला पन्ना" और डिजिटल संविधान घर के माध्यम से छात्रों और युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने का अभियान चला रहे हैं। जिले में पहले चरण के 28 और दूसरे चरण के 23 आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें अब तक 30 पुस्तकालय शुरू हो चुके हैं।
ये पुस्तकालय सिर्फ पढ़ने की जगह नहीं, बल्कि कंप्यूटर, स्मार्ट टीवी, इंटरनेट, प्रिंटर और पुस्तकालय प्रबंधन प्रणाली से सुसज्जित डिजिटल सामुदायिक केंद्र हैं। परियोजना सरकारी निधि, CSR और ग्राम पंचायत सहयोग से संचालित हो रही है।
विशेष रूप से, ये केंद्र लड़कियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए सुरक्षित, शांत और प्रेरक अध्ययन स्थल प्रदान करेंगे। सौर ऊर्जा, जल फिल्टर और प्लास्टिक-मुक्त नीति के साथ यह पहल हरित मॉडल की ओर अग्रसर है।
सीईओ सोमनाथ के पीडीआईए (Problem-Driven Iterative Adaptation) दृष्टिकोण के चलते ग्राम पंचायतों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हुई है और अब 80 से अधिक सरपंच इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और नागरिक चेतना को बढ़ाने की यह पहल धौलपुर में एक नई, सकारात्मक और प्रभावी परिवर्तन यात्रा को दर्शाती है।