कपड़े सुखाते समय महिला करंट से झुलसी
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर जिले के समीप किशनगढ़ बास में शुक्रवार को एक महिला 11000 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। जानकारी के अनुसार, किशनगढ़ वास निवासी सुमित्रा (40) सुबह अपने घर की छत पर कपड़े सुखा रही थीं। उसी दौरान छत के बिल्कुल नजदीक से गुजर रही 11000 केवी की लाइन अचानक उनके संपर्क में आ गई, जिससे वे बुरी तरह बिजली की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही सुमित्रा मौके पर जोरदार झटके के साथ गिर पड़ीं और उनके शरीर का हिस्सा झुलस गया। हादसे के बाद घर में अफरातफरी मच गई। परिजन तुरंत उन्हें किशनगढ़ के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया। सुमित्रा के परिजन अजय ने बताया कि उनकी पत्नी लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी हैं और वर्तमान में जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के कई इलाकों में हाईटेंशन लाइनें घरों के बेहद नजदीक से होकर गुजरती हैं, जिसकी वजह से हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि ऐसी उच्च वोल्टेज लाइनों को सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।