हाई-वोल्टेज लाइन गिरने से दो भैंसों की मौत, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के समीप गांव सिरौली कलां में गांव से गुजर रही 11 केवी हाई-वोल्टेज लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे खड़ी दो भैंसों पर गिर गया। करंट लगने से दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली विभाग की लापरवाही के चलते गांव में लगातार खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि 11 हज़ार वोल्ट की लाइनें घरों के बिल्कुल नजदीक से होकर गुजरती हैं, जिस कारण इस तरह की दुर्घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा देखने को मिला। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इन हाई-वोल्टेज लाइनों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व बिजली विभाग से मांग की है कि गांव के बीच से गुजर रही सभी खतरनाक लाइनों को तुरंत हटाकर साइड में शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।