शादी में मायके वालों ने बहन के मान में 1 करोड़ 21 लाख 101 रुपये नकद भात
भरतपुर:बयाना ( लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल) : उपखंड के सिकंदरा गांव में एक शादी में ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला कि पूरा इलाका हैरान रह गया।
दूल्हे की मां के मायके पक्ष ने बहन के सम्मान में नकद 1 करोड़ 21 लाख 101 रुपये का भात (मायरा) भरकर सबको चौंका दिया. यह भात 10 दिसंबर को भरा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे बड़े उत्साह से शेयर कर रहे हैं।
दूल्हा प्रवीण पटेल दिल्ली के एम्स (AIIMS) में नर्सिंग ऑफिसर हैं और सिकंदरा गांव के मूल निवासी हैं. उनके चाचा एवं अधिवक्ता मनोज पटेल ने बताया कि यह भात करौली जिले के नांगल दुर्गसी ताली खेरा निवासी मायके पक्ष की ओर से दिया गया. मायके वाले गुजरात के अहमदाबाद में स्टील, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट के बड़े व्यापारी हैं।
12 को जाएगी बारात: प्रवीण के पिता हेमंत पटेल देहरादून में निजी क्लीनिक चलाते हैं, जबकि माता संतोष पटेल गृहिणी हैं।
दूल्हे के दादाजी बनयसिंह गुर्जर बयाना कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और कभी ग्राम पंचायत नहरौली सिकंदरा के सरपंच भी रह चुके हैं. बारात 12 दिसंबर को करौली जिले के खेड़ला गांव रवाना होगी।
दूल्हे की मां संतोष देवी के नाना रजन सिंह पटेल और मामा पक्ष का यह भात सामाजिक चर्चा और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस भव्य भेंट ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है और लोग इसे सगे-संबंधियों के प्रति अपार स्नेह व सम्मान का अनूठा उदाहरण बता रहे हैं।


