राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर होंगे आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला भरतपुर एवं डीग में 15 दिसंबर सोमवार को व्यापक स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना तथा जरूरतमंद रोगियों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर ने बताया कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग इस महादान में भाग ले सकें। इन सभी शिविरों में आरबीएम ब्लड बैंक, भरतपुर की प्रशिक्षित टीम द्वारा रक्त संग्रहण की समुचित एवं सुरक्षित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर बीडीए ऑडिटोरियम, नगर निगम, जिला चिकित्सालय नदबई, उप जिला चिकित्सालय बयाना, रूपवास, वैर, कुम्हेर एवं कामां, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भुसावर, उच्चैन, पहाड़ी एवं सीकरी, जिला चिकित्सालय डीग तथा बृज विश्वविद्यालय कुम्हेर में आयोजित किए जाएंगे। सभी स्थानों पर चिकित्सकीय मानकों का पूर्ण पालन करते हुए रक्तदान कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे अनेक गंभीर रोगियों का जीवन बचाया जा सकता है। ऐसे शिविर समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदाताओं, आयोजक संस्थाओं तथा आरबीएम ब्लड बैंक की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन से अपील की कि वे आगे बढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करें और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाएंगे।

