आयकर विभाग में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश एसीबी ने संविदा कर्मी को रंगे हाथों दबोचा
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के समीप भिवाड़ी में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग भिवाड़ी में कार्यरत संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर सुभाष चन्द उर्फ सोनू को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी चौकी भिवाड़ी को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी ने अपने पुराने पैन कार्ड को बंद करवाने के लिए आयकर विभाग भिवाड़ी में आवेदन दिया था। आरोप है कि इस प्रक्रिया के बदले कर्मचारी सुभाष चन्द ने पहले पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की और लगातार परिवादी को परेशान किया। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरवीजन में तथा चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल, उप अधीक्षक पुलिस (टीएलओ) के नेतृत्व में टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को चार हजार रुपये लेते समय धर दबोचा।
एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।