पितृ अमावस्या पर उदयपुरवाटी में गौ सेवा: गौ माता व नंदी महाराज को खिलाया गुड़ और गेहूं का दलिया
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे में आश्विन मास की सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर गौ सेवा उपचार केंद्र (धनावता रोड) में विशेष सेवा कार्य का आयोजन किया गया। गो ग्रास समिति तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार शाखा उदयपुरवाटी के संयुक्त तत्वाधान में गौ माता और नंदी वर्ग को गेहूं का दलिया, गुड़ व पौष्टिक पशु आहार खिलाया गया।
- मानव जीवन की सफलता के लिए गौ सेवा और संरक्षण आवश्यक
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार शाखा के तहसील समन्वयक बजरंग लाल सोनी ने गौ माता और उनके वंश के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि— "प्रत्येक मानव का यह परम कर्तव्य है कि वह गौ माता के वंश का संरक्षण करे और निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य में योगदान दे, ताकि उसका मानव जीवन सफल हो सके।"
उन्होंने बताया कि हर माह की अमावस्या को श्री गायत्री गौशाला (शाकंभरी रोड) और गौ सेवा उपचार केंद्र धनावता में नियमित रूप से गौवंश को गेहूं का दलिया, पशु आहार और हरा चारा खिलाने का सेवा कार्य किया जाता है।
इस पुण्य कार्य और गौ सेवा अभियान में बजरंग लाल सोनी, शंकर लाल दर्जी, अमित जांगिड़, सुनील कुमार सैनी, शंभू खैराड़ी तथा संजय खराड़ी सहित अनेक गौभक्तों ने उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं दीं और धर्म लाभ अर्जित किया।

