नवरात्रि पर बड़ा फैसला: अगले 10 दिनों तक मांस-मछली की दुकानों पर लगा ताला, आदेश न मानने वालों पर गिरेगी गाज!
तखतगढ़ (बरकत खान) शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की धार्मिक पवित्रता और जन-भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका मंडल तखतगढ़ प्रशासन ने शहर में मांस और मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का कड़ा फैसला किया है। नगरपालिका अध्यक्ष (चेयरमैन) जय श्री नामा तथा अधिशाषी अधिकारी (EO) महेंद्र बंजारा के संयुक्त निर्देशों पर इस संबंध में सख्त कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।
- 11 से 20 अक्टूबर तक पूरी तरह बंद रहेंगे कत्लखाने और दुकानें
जारी किए गए आदेश के अनुसार, 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्रि महोत्सव के दौरान नगर पालिका क्षेत्र की सीमा में संचालित सभी कत्लखानों (Slaughterhouses) और नॉनवेज/मांस-मछली की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
- अवहेलना करने वालों पर गिरेगी गाज
प्रशासन ने इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए सफाई निरीक्षक मुकेश माली एवं संविदाकर्मी सूरज चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी है। पालिका प्रशासन ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा। यदि किसी भी दुकानदार द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया या चोरी-छिपे बिक्री पाई गई, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

