सुमेरपुर में पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय: दावेदारों ने जमा किए 58 आवेदन, बैठक में बनी रणनीति
सुमेरपुर/ पाली (बरकत खां)
आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को लेकर सुमेरपुर में कांग्रेस पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां और राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पालड़ी जोड़ गांव स्थित श्रीजी स्टड फार्म पर सुमेरपुर के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की विशेष मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक कार्यकर्ताओं व उम्मीदवारों ने भारी उत्साह दिखाते हुए 58 आवेदन जमा कराए।
सुबह से चली बैठक, चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा ने जानकारी दी कि सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली इस बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार शामिल हुए। बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा आवेदन प्रक्रिया को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा की जनविरोधी नीतियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखें: मेवाड़ा
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह गांवों के समग्र विकास और आमजन के हितों की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांवों में जाकर आमजन की समस्याओं, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
मेवाड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और कार्यशैली का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना होगा। अब भाजपा जनता के मूल मुद्दों पर जवाब देने से बच नहीं सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पंचायत समिति सुमेरपुर में कांग्रेस का प्रधान बनाने और जिला परिषद में पार्टी के अधिकाधिक सदस्यों को जिताने का लक्ष्य लेकर मैदान में जुटने की अपील की।
बैठक में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष सुमेरसिंह मनवार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष करण सिंह मेड़तिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ललकार सिंह, पूर्व सरपंच शंभूराम मीणा और लक्ष्मण मेघवाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और क्षेत्रभर से आए पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

