बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को बढ़ावा: गुरला में आयोजित 'नींव' कार्यक्रम में नन्हीं धावकों ने तय की 5 किलोमीटर की दूरी
गुरला (भीलवाड़ा) सत्यनारायण सेन
बालिकाओं के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने तथा उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिला प्रशासन और 'हमारी लाडो फाउंडेशन' के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे 'नींव' (लड़कियां भागे, सबसे आगे) कार्यक्रम के अंतर्गत गुरला में 5 किलोमीटर की रोमांचक दौड़ (मैराथन) का सफल आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन में 9 से 12 वर्ष की आयु वर्ग की नन्हीं बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी अद्भुत खेल भावना का परिचय दिया।
लाल टी-शर्ट और कैप पहनकर दौड़ीं नन्हीं लाडो
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। लाल रंग की विशेष 'नींव' कैप और टी-शर्ट पहने बालिकाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ निर्धारित 5 किलोमीटर की लंबी दूरी तय की। दौड़ पूरी करने वाली सभी होनहार बालिकाओं को जिला प्रशासन और फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीणों और प्रबुद्धजनों ने बढ़ाया हौसला
बालिकाओं का हौसला बढ़ाने के लिए गुरला के स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचल में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा और उन्हें खेलकूद व शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पुनित दास त्यागी जी महाराज, सत्यनारायण सेन, रतन सिंह, सुरेश चंद्र दरोगा, जगदंबा प्रसाद माथुर, तृप्ति मैडम, रामचंद्र प्रजापत, कंचन प्रजापत और राजू माली सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

