गोविंदगढ़-रामबास: कड़बी के पूंजों में लगी भीषण आग, 90 मन चारा जलकर राख; पशुओं के चारे का संकट
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविंदगढ़-रामबास नगर पालिका क्षेत्र के रामबास में बीती रात्रि अज्ञात कारणों से कड़बी के पूंजों में अचानक आग लग गई। इस आगजनी की घटना में लगभग 90 मन कड़बी जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे पीड़ित किसानों के सामने पशुओं के चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र में इस तरह की आग लगने की यह दूसरी वारदात है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
- रात्रि 12:30 बजे की घटना, दमकल ने पाया काबू
स्थानीय पार्षद हेमंत सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि करीब 12:30 बजे चमत्कारी मंदिर को जाने वाले मार्ग के समीप जोहड़ पर रखे कड़बी के पूंजों में आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही रात्रि लगभग 12:50 बजे गोविंदगढ़ थाने को अवगत कराया गया। पुलिस के माध्यम से सीकरी दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ी करीब 2:00 बजे मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, वरना आसपास रखे अन्य कड़बी के पूंजों तक आग पहुँचने से और भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
- किसानों का हुआ भारी नुकसान
इस आगजनी में दो किसानो धनीराम सैनी (पुत्र चिमनलाल सैनी) की लगभग 50 मन कड़बी और कंचन यादव (पुत्र फूलचंद यादव) की लगभग 40 मन कड़बी आग की भेंट चढ़ गई, चारा जल जाने के कारण अब इन दोनों किसानों के सामने अपने मवेशियों के भरण-पोषण की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इंदर अग्रवाल, पार्षद रवि शर्मा सहित कई स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। लगातार हो रही ऐसी वारदातों के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।

