डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना और आधुनिक डाक सेवाओं के बारे में बताया; विश्व डाक दिवस पर निकाली जागरुकता रैली, डाक योजनाओं की दी जानकारी
खैरथल (हीरालाल भूरानी) विश्व डाक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय डाक विभाग अलवर मंडल की ओर से खैरथल में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आमजन को डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं और आधुनिक डाक सेवाओं की जानकारी देकर इनके प्रति जागरूक करना रहा।
रैली का आयोजन सहायक अधीक्षक डाकघर अलवर दक्षिण मंडल बाबूलाल मीणा के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, डाक वाहकों एवं ग्रामीण डाक सेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना, डाकघर बचत योजनाओं, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, आधार सेवाओं तथा पार्सल एवं स्पीड पोस्ट जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। डाक विभाग की ओर से संचालित इन सेवाओं के माध्यम से आमजन तक वित्तीय बचत, बीमा और अन्य डाक सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में बाबूलाल मीणा सहायक अधीक्षक दक्षिण अलवर ,खैरथल उप डाकपाल शेर सिंह,डाक अधिदर्शक गोविन्द अवस्थी,डाक सहायक रत्नेश स्वामी, डाक सहायक पूजा चौधरी, सुपरवाइजर वचन सिंह , पोस्टमैन कर्मचारियों सहित विभिन्न शाखा डाकपालों, सहायक शाखा डाकपालों, डाक वाहकों एवं ग्रामीण डाक सेवकों ने सहभागिता निभाई। रैली के माध्यम से डाक विभाग की सेवाओं को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने और नागरिकों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

