राजकीय आवासों की दीवारें बनी जागरूकता का माध्यम
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगर परिषद की ओर से शहर के राजकीय कार्यालयों एवं सरकारी आवासों की दीवारों को जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाया गया है। शहरी सेवा मिशन एवं अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत इन इमारतों की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और सारगर्भित स्लोगन लिखवाकर आमजन को स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया जा रहा है। नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी भवनों को केवल नया और सुंदर स्वरूप देना ही नहीं, बल्कि उन्हें समाज को दिशा देने वाला मंच बनाना है। प्रभुत्व शैली में कराए गए इन चित्रणों के माध्यम से "स्वच्छ भारत", "पानी बचाओ" "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जैसे
विषयों पर प्रभावशाली संदेश उकेरे गए हैं, जो हर आने-जाने वाले नागरिक को सोचने और अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर बनी ये पेंटिंग्स न केवल सौंदर्य में वृद्धि कर रही हैं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जल संरक्षण की गंभीरता को भी रेखांकित कर रही हैं। खास बात यह है कि इन चित्रों में स्थानीय परिवेश और आमजन से जुड़े प्रतीकों का प्रयोग किया गया है, जिससे संदेश सहज और प्रभावी बन सके।

