अलवर में एक मकान के पास मिली बमनुमा वस्तु को नष्ट किया तो हुआ धमाका; पुलिस के साथ ही बम स्क्वॉड मौके पर पहुंची थी
अलवर शहर में सोमवार सुबह एक मकान के पास बम जैसी वस्तु मिली। इस पर टाइमर लगा था। यह वस्तु अरावली विहार थाना इलाके के विवेकानंद नगर सेक्टर-4 में मिली।
पुलिस इसे शहर से करीब साढ़े छह किलोमीटर दूर जयसमंद बांध पर लेकर गई। वहां उसे खाली जगह रखा गया। बांध के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया।
लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई। जयपुर से पहुंची एंटी बम स्क्वॉड ने संदिग्ध वस्तु को नष्ट किया तो पटाखे जैसा धमाका हुआ।
बम निरोधक स्क्वॉड के ASI रमेश चंद ने बताया- इसमें कोई एक्सप्लोसिव नहीं था। अपने उपकरणों से हर तरीके से जांच की। जांच के बाद कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
संदिग्ध वस्तु में पेस्ट और टाइमर लगाया गया था, जिससे ऐसा लगे कि बम हो। लेकिन ऐसा नहीं था। टीम ने छोटा सा धमाका कर इसे न्यूट्रलाइज (बेअसर) कर दिया। अब इसके पार्ट FSL टीम को भेजकर भी जांच करवाई जाएगी।
यह वस्तु बाबूसिंह के मकान के पास मिली थी। बाबूसिंह ने बताया- सुबह संदिग्ध व्यक्ति मेरे घर में घुसा था। उसके साथ मेरा झगड़ा हुआ। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। उस व्यक्ति के पास से संदिग्ध वस्तु गिरी थी। इसके बाद वह भाग गया।
