भरतपुर ले जाने का झांसा देकर विवाहिता से होटल में दुष्कर्म, आरोपी अब पीड़िता के परिवार को दे रहा धमकी
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता | अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता को परिचित होने के नाते लिफ्ट देने का झांसा दिया जहां उसने होटल के कमरे में जबरन शारीरिक सम्बन्ध बनाए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लिफ्ट के बहाने वारदात को दिया अंजाम: पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, वह दिसंबर 2025 में राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अपने पीहर आई हुई थी। जब वह अपने पीहर से वापस भरतपुर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी, तभी उसे वहां एक परिचित व्यक्ति मिला। आरोपी ने पीड़िता को विश्वास में लेते हुए कहा कि वह भी भरतपुर जा रहा है और उसे मोटरसाइकिल पर छोड़ देगा।
होटल में किया दुराचार, अब दे रहा धमकी: पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे भरतपुर ले जाने के बजाय रास्ते में एक होटल में ले गया। वहां उसने कमरे में विवाहिता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, वारदात के बाद आरोपी पीड़िता की मां को फोन कर लगातार जान से मारने और बदनाम करने की धमकियां दे रहा है।
पुलिस की कार्रवाई: राजगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया जा रहा है और पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

