दूरी अब शिक्षा में नहीं बनेगी बाधा,सरकार बेटियों के उज्जवल भविष्य के लिए पूरी तरह समर्पित- डॉ शैलेश सिंह

Jan 23, 2026 - 13:42
 0
दूरी अब शिक्षा में नहीं बनेगी बाधा,सरकार बेटियों के उज्जवल भविष्य के लिए पूरी तरह समर्पित- डॉ शैलेश सिंह

डीग जिला मुख्यालय पर बालिकाओं को वितरित की निः शुल्क साइकिले 

डीग (नीरज जैन) डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के पावन अवसर पर स्थानीय किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित नि:शुल्क साइकिल वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह साइकिलें केवल एक योजना का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने का माध्यम हैं, जिससे अब दूरी शिक्षा में बाधा नहीं बनेगी।
डॉ. सिंह ने  कहा कि अक्सर देखा गया है कि घर से स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण कई बेटियों को पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ती थी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन साइकिलों के मिलने से छात्राओं का आवागमन आसान होगा और कोई भी बेटी केवल दूरी के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी। उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज का युग अवसरों से भरा हुआ है और बेटियों को इन अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए विधायक डॉ सिंह ने कहा कि किसी भी देश को विकसित और विश्व गुरु बनाने के लिए वहां की नारी शक्ति का मजबूत होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में आरक्षण देकर बेटियों के लिए विधानसभा और लोकसभा तक पहुंचने का रास्ता खोला गया है, जिससे अब वे नेतृत्व की भूमिका निभाकर अपने क्षेत्र और देश की दिशा तय कर सकेंगी।
डॉ. शैलेश सिंह ने भारतीय सेना की महिला अधिकारियों के शौर्य का उदाहरण देते हुए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया और कहा कि देश की बेटियों ने साहस और पराक्रम से यह सिद्ध कर दिया है कि वे किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि नारी शक्ति के अदम्य साहस और सम्मान की रक्षा का प्रतीक है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिली है, वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर गैस चूल्हा उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनका जीवन आसान और स्वस्थ हुआ है।
विधायक डॉ सिंह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से आज पूरे राजस्थान में बेटियों को साइकिलें मिल रही हैं, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने डीग बाईपास, जिला अस्पताल और कुम्हेर उप-जिला अस्पताल जैसे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 28 जनवरी से शुरू हो रहे विधानसभा बजट सत्र में क्षेत्र के लिए और भी बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद है।
अपने संबोधन के अंत में डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि 2014 के बाद देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूत कदम उठाए हैं और भारत का मान विश्व पटल पर बढ़ा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप सभी एक स्वर्णिम युग में जन्मी हैं, जहां आपके सपनों को साकार करने के लिए अनंत अवसर मौजूद हैं। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के प्रति निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................