गोविन्दगढ़ में रफ़्तार का कहर: बेकाबू पिकअप ने तोड़ा रेलवे फाटक; लगा लंबा जाम, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
गोविन्दगढ़, (अलवर) गोविंदगढ़ कस्बे के गोविंदगढ़-जालूकी मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहाँ एक दुग्ध डेयरी की पिकअप ने रेलवे फाटक को ज़ोरदार टक्कर मार दी, जिससे फाटक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के कारण मथुरा-अलवर पैसेंजर ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में रोकना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मथुरा-अलवर पैसेंजर ट्रेन के आने का समय हो चुका था और गेटमैन नियमानुसार रेलवे फाटक बंद कर रहा था। इसी दौरान गोविंदगढ़ की ओर से जालूकी की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार दुग्ध डेयरी की पिकअप ने फाटक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फाटक का पाइप टूटकर अलग हो गया।
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना तत्काल स्टेशन मास्टर को दी गई, जिसके बाद सावधानी बरतते हुए मथुरा-अलवर पैसेंजर ट्रेन को सुरक्षित दूरी पर ही रोक लिया गया। इसके बाद स्थानीय राहगीरों और रेलवे स्टाफ ने कड़ी मशक्कत की और टूटे हुए फाटक को ट्रैक से हटाकर दूसरी तरफ शिफ्ट किया, जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।
लगा लंबा जाम, राहगीर हुए परेशान
फाटक टूटने और ट्रेन के खड़े रहने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण जाम के चलते वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों और रेलवे कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों के बाद काफी समय बाद यातायात को सुचारू कराया जा सका। रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।