उमरैण सीबीईओ कार्यालय में डीए का अधिक भुगतान, 8 से होगी वसूली
अलवर (राजस्थान) सीबीईओ कार्यालय उमरैण के आठ अधिकारियों व कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का तय मापदंड से अधिक भुगतान का मामला सामने आया है। यह भुगतान साल 2025 के जनवरी व फरवरी माह में किया गया था। करीब एक साल बाद विभाग को इस त्रुटि का पता चला। इसके बाद अब संबंधित कार्मिकों से अतिरिक्त राशि की वसूली की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जनवरी 2025 में डीए में बढ़ोतरी के बाद प्री-पे मैनेजर पोर्टल पर तकनीकी कारणों से महंगाई भत्ते की गलत गणना हो गई। इसके चलते कार्मिकों को कुल 42,138 रुपए का अतिरिक्त भुगतान कर दिया गया। विभाग ने अब यह राशि आगामी वेतन से समायोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।
ब्लॉक में कार्यरत राजेश कुमार, अंकुर बंसल, मनोज राणा, नटवर, रविंद्र यादव, संजय जैन, सुनील कुमार व सीमा शर्मा को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता वापस जमा कराना होगा। जनवरी व फरवरी 2025 में मिले डीए की यह राशि प्रत्येक कार्मिक के लिए अलग-अलग निर्धारित की गई है। विभागीय स्तर पर वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।