घरों में नाली का पानी सप्लाई: महिला बोली- बदबू इतनी तेज कि नल खोलना भी मुश्किल; शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
अलवर शहर के स्कीम दो के टिटोड़ा मोहल्ले में नाली का पानी नलों में पहुंच रहा है। पिछले करीब 2 महीने से ये ही हाल है। झाग वाला पानी नलों से आता है। बदबू इतनी तेज आती है कि नल खोलना भी मुश्किल हो जाता है।
जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब वापस गंदा पानी आने लग गया।
दो महीने से समस्या, लोग परेशान
टिटोड़ा मोहल्ला निवासी महिला मुस्कान ने बताया कि दो महीने से गंदा पानी आता है। शिकायत के बाद जलदाय विभाग के अधिकारी आते हैं लेकिन देखकर वापस चले जाते हैं। बिल्कुल नाली का पानी है। बदबू भी बहुत आती है।
तीन दिन में पानी आया, जिसे भी बदबू के कारण फेंकना पड़ गया। मजबूरी में दो महीने से टैंकर का पानी आता है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। अब देखते हैं कोई समाधान होता है या नहीं।