अग्रवाल समाज का परिचय सम्मेलन 22 फरवरी को होगा आयोजित; भरतपुर-डीग जिले की 39 इकाइयां लेंगी भाग
भरतपुर (विष्णु मित्तल) भरतपुर-डीग जिले के अग्रवाल समाज का सामूहिक युवक-युवती परिचय सम्मेलन 22 फरवरी को भरतपुर में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में दोनों जिलों की 39 इकाइयां भाग लेंगी। यह जानकारी हलैना, भुसावर और वैर में हुई अग्रवाल समाज की बैठक में दी गई।
बैठक की अध्यक्षता सोमेश्वर पहलवान ने की। इसमें जिला अग्रवाल समाज के जिलाध्यक्ष अतुल मित्तल मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिला महामंत्री मुकेश सिंघल, जिला युवा वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष मनीष गर्ग, मास्टर ओम प्रकाश गुप्ता, मास्टर द्वारिका जिंदल और लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में 22 फरवरी को भरतपुर में होने वाले परिचय सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही, समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने, आत्मनिर्भरता और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अतुल मित्तल ने कहा कि राष्ट्र और समाज के विकास में अग्रवाल समाज की भूमिका हमेशा से महत्वपूर्ण रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने समाज को संगठित होने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हमारा समाज ही राष्ट्र और समाज के उत्थान और विकास की धुरी है।
जिला महामंत्री मुकेश सिंघल और युवा वैश्य समाज जिलाध्यक्ष मनीष गर्ग ने पुष्टि की कि 22 फरवरी को होने वाले इस सम्मेलन में भरतपुर और डीग जिले की 39 इकाइयां हिस्सा लेंगी। बैठक में ओम प्रकाश सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अनिल गोयल, संतोष, टिंकू और रवि सहित कई सदस्य उपस्थित थे।


