रेप पीड़िता छात्रा की घर में घुसकर हत्या, आरोपी ने सिर और गर्दन में मारी गोली

Mar 3, 2026 - 17:51
 0
रेप पीड़िता छात्रा की घर में घुसकर हत्या, आरोपी ने सिर और गर्दन में मारी गोली

 उत्तर प्रदेश (शशि जायसवाल)  उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रेप की FIR करवाने वाली 12वीं की नाबालिग छात्रा की सिरफिरे ने गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार आधी रात को पीछे के रास्ते से घर में घुसा और सो रही छात्रा पर फायरिंग कर दी। एक गोली उसके सिर में और दूसरी गर्दन में मारी। छात्रा की मौके पर मौत हो गई।

परिवार के मुताबिक, फायरिंग की आवाज सुनकर भाई जाग गया। दौड़कर पहुंचा तो आरोपी ने तमंचा दिखाकर डराया। उससे मारपीट की। भागने की कोशिश के दौरान मां रास्ते में आ गई। उन पर भी फायरिंग की, लेकिन निशाना चूक गया।

मां ने पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। मां और भाई से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि आरोपी मंदीप गांव का ही रहने वाला है। वह बेटी के पीछे पड़ा था।

आरोपी ने कुछ महीने पहले बेटी से दरिंदगी की। अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। बेटी ने दूरी बनाई तो वह वायरल करने की धमकी देने लगा। कुछ फोटो वायरल भी कर दिए।

इसका पता चलते ही उसके खिलाफ कलवारी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत FIR करवाई थी। तब से आरोपी फरार था। सोमवार को गांव लौटा और बेटी की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की के पिता पंजाब में नौकरी करते हैं। वह गांव में मां और भाई के साथ रहती थी। भाई ग्रेजुएशन कर रहा, जबकि लड़की 12वीं बोर्ड के पेपर दे रही थी।

मां ने बताया, 'सोमवार रात को हम लोग खाना खाकर सो गए थे। मेरा बेटा और बेटी घर के भीतर सोए थे। मैं बाहर सो रही थी। रात करीब एक बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मैं जैसे ही उठकर बेटी के कमरे की तरफ भागी तो हमलावर ने मेरे ऊपर भी गोली चलाई, लेकिन गोली मिस हो गई। मैंने उसे दौड़ाया, लेकिन वह भाग गया।

अंदर जाकर देखा तो बेटी के सिर और गर्दन में गोली लगी थी। वह खून से लथपथ अपनी चारपाई पर पड़ी थी। पास में बेटा भी घायल पड़ा था। मैंने अपने बेटे से पूछा तो उसने बताया कि मंदीप ने बहन को गोली मार दी। मैंने बचाने की कोशिश की तो मेरे सिर पर तमंचे से हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।'

‘दो साल से लड़की को परेशान कर रहा था’ मां ने बताया कि आरोपी मंदीप दो साल से मेरी बेटी को परेशान कर रहा था। कुछ महीने पहले बेटी को नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिलाया और उससे जबरदस्ती की। तस्वीरें खींंच ली थीं। वीडियो बनाए। इसके बाद वह उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा।

एक बार जबरदस्ती उसे अपने साथ मंदिर में शादी करने ले जा रहा था। कह रहा था- शादी नहीं करोगी तो जहर खा लूंगा। तुम्हे भी मार दूंगा। तब हम लोगों ने किसी तरह अपनी बेटी को उसके चंगुल से छुड़ाया था।

‘बेटी ने दूरी बनाई तो अश्लील फोटो वायरल किए’ मां ने बताया- बेटी उससे दूर रहने लगी तो वह उसके फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। 18 दिसंबर 2025 को मंदीप ने कुछ अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस मामले में मैंने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें बाद में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया था।

ASP श्यामाकांत ने बताया- शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................