भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद राजफेड द्वारा रबी-2026 के अंतर्गत सरसों एवं चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी। उन्होंने बताया कि राजफेड के कोटा, अजमेर, भरतपुर एवं श्रीगंगानगर क्षेत्रीय कार्यालयों में ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 15 मार्च से प्रारम्भ होगी तथा 25 मार्च से समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू की जाएगी। इसी प्रकार जयपुर, जोधपुर, उदयपुर एवं बीकानेर क्षेत्रीय कार्यालयों में किसानों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च से प्रारम्भ होगा तथा 1 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर खरीद की जाएगी।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन एवं चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा तय की गई है। उन्होंने बताया कि जिलेवार खरीद सीमा ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई है।
उन्होंने बताया कि अजमेर, जोधपुर, बीकानेर एवं कोटा क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में एनसीसीएफ द्वारा तथा जयपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर एवं भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 22 जिलों में नैफेड द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद कार्य किया जाएगा। श्री दक ने बताया कि सरसों एवं चना विक्रय के इच्छुक किसान स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा ई-मित्र केन्द्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे। किसानों की आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान के माध्यम से ही समर्थन मूल्य पर खरीद की जाएगी। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफेड एवं एनसीसीएफ द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिवस की अवधि में पूरी की जाएगी।
सहकारिता मंत्री ने राजफेड को निर्देश दिए हैं कि खरीद केन्द्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसान पूर्व की भांति एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी फसल को क्रय-विक्रय सहकारी समितियों अथवा ग्राम सेवा सहकारी समितियों के क्रय केन्द्रों पर विक्रय कर सकेंगे।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर तथा छानकर क्रय केन्द्रों पर लाएं, ताकि गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जिंस का विक्रय सुचारु रूप से किया जा सके। किसानों की सुविधा के लिए राजफेड में कॉल सेंटर 18001806001 भी स्थापित किया गया है।
भरतपुर जिले में इन केन्द्रों पर होगी खरीद
सचिव शचीन्द्र चतुर्वेदी ने बताया कि भरतपुर जिले में समर्थन मूल्य खरीद वर्ष 2026-27 के अंतर्गत क्रय-विक्रय सहकारी समितियां भरतपुर, बयाना, नदबई एवं वैर तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियां कूम्हा (भरतपुर केवीएसएस), खानुआ, खानसूरजापुर एवं रुपवास उपकेन्द्र (बयाना केवीएसएस) के माध्यम से स्थापित क्रय केन्द्रों पर 25 मार्च से जिले के किसानों से सरसों एवं चना की खरीद प्रारम्भ कर दी जाएगी।