विकसित राजस्थान रन का आयोजन; जीवन शैली में खेल-कूद और शारीरिक गतिविधियों को करें शामिल - जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को भरतपुर में विकसित राजस्थान रन का आयोजन किया गया। इस रन को जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रन कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर चौबुर्जा होते हुए किशोरी महल प्लाजा तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में सात दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश के विकास के साथ-साथ आमजन को विभिन्न सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि विकसित राजस्थान रन का आयोजन विशेष रूप से आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवन शैली और खानपान की आदतों के कारण लोगों में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में नियमित व्यायाम, दौड़ और शारीरिक गतिविधियों को अपनाना बेहद आवश्यक है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलती है।
जिला कलक्टर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में खेल-कूद और शारीरिक गतिविधियों को शामिल करें तथा दूसरों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें, जिससे एक स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर घनश्याम शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राहुल सैनी, आईपीएस पंकज यादव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनित कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र गोपालियां, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास राजेश कुमार, नगर निगम सचिव प्रताप सिंह, स्काउट आयुक्त गिरिराज प्रसाद गर्ग, गिरधारी तिवारी, गिरधारी गुप्ता, सतेन्द्र गोयल सहित पुलिस के जवान एवं स्काउट-गाइड के सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।