जिला कलक्टर ने किया शहर के विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण; विकास कार्यों के दौरान आमजन को आवागमन में नहीं हो परेशानी - जिला कलक्टर

Mar 15, 2026 - 19:40
 0
जिला कलक्टर ने किया शहर के विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण; विकास कार्यों के दौरान आमजन को आवागमन में नहीं हो परेशानी - जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने रविवार को बीडीए व नगर निगम एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी एवं आमजन को आवागमन में हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुये सभी विभाग समयबद्धता से कार्य करायें। 
जिला कलक्टर ने कुम्हेर गेट से लेकर गोलपुरा बाईपास, स्टेशन रोड, सूरजपोल, जघीनागेट तथा बिजलीघर तक विभिन्न विकास कार्यों का गहनता से निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक सुविधाओं को शिफ्ट करने में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुये शीघ्रता से कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कुम्हेर गेट पर सीवरेज, पेयजल लाईन एवं विद्युत लाईनों के शिफ्टिंग कार्य शीघ्रता से कर स्लबकास्ट अगले रविवार तक पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने तोप सर्किल तक दोनों तरफ नाला निर्माण एवं बिजली-पानी तथा टेलीफोन लाईनों को भूमिगत करने के कार्य को एकसाथ पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मार्ग पर कार्य चलते समय आम लोगों के लिये वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाये। उन्होंने आमजन को भी आगामी एक माह तक एक तरफा यातायात की व्यवस्था के कारण अन्य वैकल्पिक मार्गों से बाईपास जाने का आव्हान किया। उन्होंने सुभाष नगर की तरफ से आने वाले नाले एवं अन्य कार्यों को गति देने के लिये सडकों के दोनों ओर अस्थाई थडी-ठेलों को हटाकर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने हीरादास से काली बगीची पर चल रहे फ्लाई ओवर निर्माण कार्य को निर्धारित गति से आगे बढाते हुये वैकल्पिक मार्गों पर धूल नहीं उडे उसके लिये डामर की लेयर करने तथा दिन में नियमित रूप से पानी छिडकाव करने के निर्देश दिये। 
वैकल्पिक मार्गों पर डामर की लेयर व पानी छिडकाव के निर्देश
जिला कलक्टर ने शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्यों में आमजन को वैकल्पिक मार्ग तैयार के लिये जघीना गेट, केतन गेट , गोवर्धन गेट , चांदपोल गेट, कुम्हेरगेट एवं नीमदा गेट के पास वैकल्पिक मार्ग पर डामर कराने के निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने हीरादास से गोलपुरा तक सडक चौडाईकरण कार्य का निरीक्षण कर मास्टर प्लान के अनुसार 80 फीट चौडाई के अनुसार नाला निर्माण एवं डिवाईडर युक्त सडक में बाधित अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण गुणवत्ता के साथ करायें जाये जिससे बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या पैदा नहीं हो सके। उन्होंने कुम्हेर गेट सब्जी मंडी के सामने नाला निर्माण के कार्य को शीघ्रता से कराने, स्टेशन रोड पर विद्युत लाईनों को भूमिगत करने के बाद पोल हटाने के निर्देश दिये। सूरजपोल चौराहे पर उन्होंने नाले तक सभी अस्थाई अतिक्रमणों को हटाने, गेंट्री, होर्डिंग व बिजली पोल हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मानसिंह सर्किल से बझेरा तक बनने वाली फोरलेन सडक के कार्य की समीक्षा कर रोड के दोनों ओर अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। 
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी एजेन्सियां ये सुनिश्चित करें कि एक साथ सभी कार्य टीम भावना से शुरू कर गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करायें। बिजली, पानी, टेलीफोन, गैस जैसी सुविधाओं को भूमिगत करते हुये सडक निर्माण इस तरह करायें कि आवागमन में आमजन को परेशानी नहीं हो। इसके लिये नियमित रूप से पानी छिडकाव, वैकल्पिक मार्ग पर डामर की लेयर बिछाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आम व्यापारियों को परेशानी नहीं हो भ्रामक खबरें नहीं फैलें इसे ध्यान में रखते हुये संबंधित क्षेत्र के लोगों से संवाद भी बनाये रखें। इस अवसर पर आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन बनैसिंह, अधीक्षण अभियंता बीडीए योगेश माथुर, अधिशाषी अभियंता सानिवि महेश शर्मा, सीवरेज के राजुल शर्मा, आरएसआरडीसी अनिरूद्ध सिंह सहित संबंधित विभागों के अभियंता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।  

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................