भरतपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक, अवैध उपयोग पर सख्त कार्रवाई

Mar 19, 2026 - 19:16
 0
भरतपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक, अवैध उपयोग पर सख्त कार्रवाई

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सभी गैस एजेंसियों द्वारा बुकिंग प्राथमिकता के आधार पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति की जा रही है। उपलब्धता एवं खपत के सापेक्ष स्टॉक संतोषजनक पाया गया है।
जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए गठित विशेष प्रवर्तन दल द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। गुरूवार को भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में निरीक्षण किया गया, जिसमें विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 9 गैस सिलेंडर एवं 2 भट्टियां जब्त की गईं। ये सिलेंडर घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित होने के बावजूद व्यावसायिक कार्यों में अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान राजेन्द्र नगर स्थित भीकम कचौरी वाले के यहां से 3 सिलेंडर, सारस चौराहा स्थित कृष्णा चाट एवं वर्ड व्यू होटल से 6 सिलेंडर जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी को सुपुर्द किए गए।
उन्होंने बताया कि बुधवार को जिले में 6147 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई तथा 6723 सिलेंडरों का उपभोक्ताओं को वितरण किया गया, साथ ही गुरूवार, 19 मार्च को वितरण हेतु 5519 गैस सिलेंडर विभिन्न गैस एजेंसियों पर उपलब्ध हैं। तेल कंपनियों द्वारा जिले में गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग को रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 14435 तथा जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 05644-220320 पर संपर्क किया जा सकता है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................