राजकीय संग्रहालय भरतपुर में राजस्थान दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार राजकीय संग्रहालय भरतपुर में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संग्रहाध्यक्ष के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में संग्रहालय में आमजन के लिए निःशुल्क प्रवेश रखा गया।
संग्रहाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि “राजस्थान के एकीकरण की पृष्ठभूमि” विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीपलखेड़ा, किला भरतपुर की छात्राओं के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा सभी छात्राओं को अल्पाहार भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत संग्रहालय परिसर में राजस्थान के एकीकरण से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई तथा आगंतुकों को सारांश पुस्तिका का वितरण किया गया। प्रदर्शनी में राजस्थान के एकीकरण के विभिन्न चरणों को दर्शाया गया, जिसे दर्शकों ने बड़ी रुचि के साथ देखा। इस अवसर पर संग्रहालय प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी संबंधितों का आभार व्यक्त किया गया।