रवि बिश्नोई ने स्कूल लेक्चरर (अर्थशास्त्र) परीक्षा में प्रदेश में किया टॉप
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मेहनत और लगन अगर सच्ची हो, तो सफलता कदम चूमती है। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा-2024 के परिणाम में बिश्नोई समाज के होनहार युवा रवि बिश्नोई ने अर्थशास्त्र विषय में अखिल राजस्थान में प्रथम रैंक प्राप्त कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। रवि बिश्नोई, बाबूलाल बिश्नोई के छोटे भाई हैं। रवि की इस सफलता के पीछे उनके बड़े भाई का मार्गदर्शन और परिवार का अटूट सहयोग रहा है।
एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले रवि ने साबित कर दिया कि संसाधनों से ज्यादा संकल्प की शक्ति मायने रखती है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में जश्न का माहौल है और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है। अपनी सफलता पर चर्चा करते हुए रवि ने बताया कि उन्होंने अर्थशास्त्र के जटिल सिद्धांतों को समझने के लिए निरंतर अभ्यास और गहन अध्ययन पर जोर दिया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, बड़े भाई बाबूलाल बिश्नोई के निरंतर प्रोत्साहन और अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है।
रवि का मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। अब वे बतौर स्कूल लेक्चरर सरकारी सेवा में जाकर विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र जैसे विषय को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखते हैं।
रवि की इस उपलब्धि ने न केवल हमारे परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि यह क्षेत्र के उन तमाम युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। — बाबूलाल बिश्नोई