ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के सभी डॉक्टरों की सील और मुहर का रखा जाएगा रिकॉर्ड
अलवर (राजस्थान) झोलाछाप द्वारा विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के डॉक्टरों की फर्जी मुहर लगाकर मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के मामले में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में भी बैठक हुई। डीन डॉ. ओपी लाखवानी ने बताया कि सर्कुलर जारी किया है।
संस्थान के सभी डॉक्टर की मुहर और साइन का रिकॉर्ड इकट्ठा करेंगे ताकि ऐसा कोई मामला सामने आने पर तुरंत जांच हो सके। इसके अलावा सीएमएचओ अलवर को संबंधित झोलाछाप पर कार्रवाई करने के लिए लिखेंगे। क्योंकि इस प्रकार फर्जी मुहर के इस्तेमाल से ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान साख प्रभावित होती है। बिना किसी अनुमति के संस्थान की मुहर बनाना गैरकानूनी और अपराध की श्रेणी में आता है।
गौरतलब है कि कालाकुआं क्षेत्र में फर्जी मेडिकल और क्लिनिक चलाने वाला पीएस शेखावत लोगों को मेडिकल सर्टिफिकेट बना रहा था। उसके पास ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज समेत अलवर जिला अस्पताल और अन्य कई संस्थानों की मुहर थी, जिनके जरिए वह फ्रॉड कर रहा था। साथ ही खुद को भी डॉक्टर होने का दावा कर रहा था। भास्कर में उसके फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद से वह क्लिनिक और मेडिकल स्टोर को बंद करके फरार है। इस मामले में सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में बुधवार को एफआईआर दर्ज कराएंगे।