पेंशनर्स के समर्थन में नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, अधिनियम वापस लेने की मांग
बडौदामेव (रामबाबू शर्मा) पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों को लेकर क्षेत्र में आवाज उठने लगी है। इसी क्रम में अध्यक्ष डॉ. देवीलाल योगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार छोटे लाल मीणा को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित पेंशनर्स से संबंधित अधिनियम 2025 को वापस लेने की मांग की।
अध्यक्ष डॉ. देवीलाल योगी ने बताया कि इस अधिनियम के लागू होने से पेंशनभोगियों के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ज्ञापन में बताया गया कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो पेंशनधारकों के बीच वर्गीकरण बढ़ेगा और कई पेंशनर्स को वेतन आयोग की सिफारिशों का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्तमान समय में पहले से ही कई पेंशनभोगी आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में इस प्रकार के निर्णय से उनकी स्थिति और अधिक कमजोर हो सकती है। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की गई कि पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए इस अधिनियम को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर पेंशनभोगियों के हितों की रक्षा की मांग उठाई।


