1100 किलो काजूकतली से हनुमानजी का महाभोग, संकटमोचन मंदिर में उमड़ा जनसैलाब
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को शहर के मुख्य डाकघर के समीप स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। सुबह हनुमानजी महाराज की प्रतिमा को स्वर्ण चोला पहनाया गया, जिसके साथ ही दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर 12.15 बजे महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें शामिल होने के लिए भारी संख्या में भक्त मंदिर परिसर पहुंच गए। महाआरती मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज ने संपन्न करवाई।
महाआरती के बाद हनुमानजी महाराज को 1100 किलो केसरयुक्त काजूकतली का भव्य महाभोग अर्पित किया गया। इसी दौरान बाल हनुमान का रूप धरे एक बालक के हाथों 11 किलो का केक भी काटा गया। जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन में भीलवाड़ा विधायक एवं श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक कोठारी, कार्याध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, सुनील जागेटिया, गजानंद बजाज सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे और हनुमान जन्मोत्सव का आनंद लिया।
मंदिर ट्रस्टी महावीर प्रसाद अग्रवाल और रमेश बंसल ने बताया कि महाआरती से पहले ही मंदिर में दर्शनों के लिए लंबी कतारें लग गई थीं। महाभोग के बाद काजूकतली का प्रसाद वितरण शुरू होते ही श्रद्धालुओं की कतारें और बढ़ गईं। किसी को भी प्रसाद लेने में कठिनाई न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को प्रसाद वितरण में लगाया गया। हनुमान जयंती महोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया और भव्य रोशनी ने वातावरण को और भी मनमोहक बना दिया।
जयंती समारोह के तहत शनिवार रात मंदिर परिसर के बाहर श्री बालाजी सत्संग मंडल के एस.के. खंडेलवाल एवं साथियों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ की प्रस्तुति दी गई। मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर सुंदरकांड का श्रवण किया। कार्यक्रम का संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।
