पीपल पूर्णिमा पर जिले की सभी पंचायतों में शिव शिक्षा समिति का बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता अभियान तेज
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) आखातीज एवं पीपल पूर्णिमा के अवसर पर शिव शिक्षा समिति द्वारा अलवर जिले एवं उसके सभी ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में बाल विवाह रोकथाम हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
यह अभियान ‘कवच परियोजना’ के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करना है।
अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं ब्लॉक स्तर पर अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। स्कूलों में बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई जा रही है, हस्ताक्षर अभियान चलाए जा रहे हैं, तथा बच्चों द्वारा बाल विवाह विषय पर अलग-अलग चित्रों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है।
इसके साथ ही ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों में सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी (VDO) एवं ब्लॉक स्तर के अन्य अधिकारी सक्रिय रूप से अपना योगदान दे रहे हैं। शिव शिक्षा समिति का यह प्रयास समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए एक सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।


