भीषण गर्मी में बेजुबानों के लिए बढ़े हाथ: खेरली में वैश्य महासम्मेलन व विहिप ने लगाए परिंडे
खेरली। (दिनेश लेखी) कस्बे में सामाजिक सरोकार और जीव दया की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन समिति एवं विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग अलवर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को परिंडा अभियान चलाया गया। अग्रसेन शिक्षण संस्थान परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कार्यकर्ताओं द्वारा पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर जल सेवा का संकल्प लिया गया।
समिति के महामंत्री शशिकांत बंसल ने बताया कि बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन शिक्षण संस्थान, प्रमुख मंदिरों, सार्वजनिक पार्कों और मुख्य मार्गों पर पेड़ों पर परिंडे लगाए और उनमें पानी भरा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जल सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि: "प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर की छत, दुकान या आसपास के पेड़ों पर कम से कम एक परिंडा अवश्य लगाना चाहिए और उसमें नियमित रूप से पानी भरना सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि प्यास के कारण किसी पक्षी का जीवन संकट में न पड़े।"
इस पुनीत कार्य में वैश्य महासम्मेलन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र मित्तल, युवा महामंत्री गौरव खंडेलवाल, तरेश लोहिया, राजेंद्र अग्रवाल जिंदा, अजीत गोयल, नरेश जैन, सौरभ अग्रवाल, अग्रसेन महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग अलवर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।


