सौंखर में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, ठेके पर की तोड़फोड़; 15 दिन पहले दी थी पुलिस को शिकायत
खेड़ली (दिनेश लेखी) कस्बे के सौंखर रोड स्थित गांव सौखर में अवैध शराब बिक्री को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने शराब के ठेके पर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ की और दुकान में रखी शराब की बोतलों को सड़क पर फेंक दिया। साथ ही दुकान में रखा अन्य सामान भी बाहर निकाल दिया गया।
घटना के दौरान महिलाओं ने गांव में शराब बिक्री का जोरदार विरोध करते हुए नारेबाजी की। उनका कहना था कि गांव में अवैध रूप से शराब बिकने से सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है।
सूचना मिलते ही खेड़ली पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाइश कर शांत कराया। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव में अवैध शराब बिक्री नहीं होने दी जाएगी और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने करीब 15 दिन पूर्व भी खेड़ली पुलिस को अवैध शराब बिक्री की शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर शराब बिक्री पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद चार-पांच दिन पूर्व एक नई दुकान खोले जाने से ग्रामीणों में रोष फैल गया, जिसके चलते महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन कर दुकान को बंद करा दिया।


