ग्राम पंचायत बलाना में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के तहत द्वितीय ग्राम सभा आयोजित
सुमेरपुर (बरकत खान) शासन सचिव एवं आयुक्त पंचायती राज विभाग जयपुर तथा उपखंड अधिकारी सुमेरपुर के निर्देशानुसार शनिवार को ग्राम पंचायत बलाना में 'मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान' के अंतर्गत द्वितीय ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सरपंच शम्भूराम मीना ने की।
ग्राम सभा में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान के तहत तैयार की गई ग्राम पंचायत की 'भावी आकांक्षाओं की सूची' का पठन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की मांग के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता क्रम में निर्धारित कर सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु खसरा संख्या 1247 (ओरण चारागाह भूमि), जो हाईवे 325 के पास पुरानी नर्सरी के समीप स्थित है, का चयन सघन वृक्षारोपण हेतु किया गया। वहीं 'वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' के तहत गांव की प्राचीन धरोहरों जैसे पुरानी बावड़ी और पुराने कुओं (गंवाई पेचका) के जीर्णोद्धार और रखरखाव का निर्णय लिया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्राम सभा में अटल ज्ञान केंद्र को छोटे बच्चों के लिए जल्द से जल्द शुरू करने पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर कनिष्ठ सहायक जोग सिंह चौहान, वार्ड पंच रावाराम परमार, जालम सिंह राठौड़, भोपाल सिंह पंवार, हेमाराम मीना, कांति देवी, छगनी देवी प्रजापत सहित नगाराम, हनवंत सिंह, सुरजीत पंवार, गोविंदजीत, पोकरण मीना, ललित एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।


