अलवर के तुलेडा मोड़ पर सड़क किनारे अचेत मिला युवक,जागरूक नागरिकों ने एंबुलेंस बुलाकर पहुंचाया अस्पताल; आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
अलवर सदर थाना क्षेत्र के तुलेडा मोड़ पर भीषण गर्मी के बीच एक युवक के अचेत और लावारिस हालत में सड़क किनारे पड़े मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर मिले उपचार से युवक की जान बचाई जा सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तुलेडा मोड़ पर एक युवक को सड़क किनारे बेसुध पड़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने युवक को होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह अचेत अवस्था में था। सूचना के बाद भी पुलिस के समय पर न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलाया।
मौके पर पहुँची एंबुलेंस ने युवक को तुरंत जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया। युवक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के माध्यम से उसकी पहचान प्रदीप कुमार, निवासी अंबेडकर नगर के रूप में हुई है।
फिलहाल युवक का ट्रॉमा वार्ड में इलाज जारी है। भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन द्वारा युवक के परिजनों को सूचित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


