मिशन बेसहारा: अनाथ बच्चों के लिए आगे आई समाज सेवा टीम, 52 हजार की सहायता राशि सौंपी
कठूम (दिनेश लेखी) उपखण्ड क्षेत्र के सौंख गांव में एक परिवार पर आई विपत्तियों के बीच समाज सेवा का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। माता-पिता और दादा के निधन के बाद चार मासूम बच्चों के सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया, जिनका सहारा केवल उनकी वृद्ध दादी मां ही रह गई हैं। ऐसे में “मिशन बेसहारा” के तहत सर्व समाज हेल्प टीम कठूमर ने आगे बढ़कर इस परिवार की मदद की पहल की।
सर्व समाज हेल्प टीम के अध्यक्ष महेंद्र सिंह मसारी के अनुसार परिवार में पहले दादी, दादा, माता-पिता और छह बच्चे रहते थे। बीमारी के चलते पहले पिता, फिर माता और उसके बाद दादा का निधन हो गया। पिता अपने जीवनकाल में दो बेटियों की शादी कर चुके थे, जबकि अब दो बेटियां और दो छोटे बेटे पूरी तरह आश्रित हैं।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सर्व समाज हेल्प टीम कठूमर द्वारा सहायता अभियान चलाया गया। टीम के अध्यक्ष महेंद्र सिंह माली के नेतृत्व में समाज के लोगों के सहयोग से कुल 51,961 रुपए (लगभग 52 हजार रुपए) की राशि एकत्रित की गई। इसमें ऑनलाइन माध्यम से 51,460 रुपए तथा नकद 501 रुपए का सहयोग प्राप्त हुआ।
एकत्रित राशि को गांव के गणमान्य लोगों एवं उपस्थित समाजसेवियों की मौजूदगी में पीड़ित परिवार की वृद्ध दादी मां को सौंपा गया। इस दौरान सभी ने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए सहयोग जारी रखने का संकल्प भी लिया।
समाजसेवियों ने बताया कि यह मदद केवल शुरुआत है और आगे भी जरूरत के अनुसार परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे भी इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहयोग करें, ताकि इन मासूम बच्चों को बेहतर जीवन और शिक्षा मिल सके।इस अवसर पर सब समाज हेल्थ टीम के पदाधिकारी एवं समाज के कई गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


