जनगणना-2027 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग की आमजन से अपील
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त कलक्टर घनश्याम शर्मा ने आमजन से अपील की है कि जनगणना-2027 के दौरान प्रथम चरण में 1 से 15 मई 2026 तक स्वगणना अभियान चलाया जायेगा। जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाईन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं।
नागरिकों द्वारा जानकारी दर्ज करने के पश्चात् एसई आईडी प्राप्त होगी जिसे 16 मई से 14 जून 2026 के दौरान प्रगणक और सुपरवाईजर को मकान गणना कार्य के समय उपलब्ध कराना होगा।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील कि है कि जनगणना कार्य हेतु लगाये गये प्रगणक को सही, पूर्ण एवं स्पष्ट जानकारी प्रदान कर पूर्ण सहयोग करें। जिससे जनगणना का कार्य त्रुटिरहित, पारदर्शिता से समय पर सम्पन्न हो सके।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना भारत सरकार का एक वैधानिक, आधारभूत प्रशासनिक एवं राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना सुशासन, विकासात्मक नियोजन एवं लोकनीति निर्माण का मूल आधार है। इसके निष्कर्षों के आधार पर संसाधनों के न्यायोचित आवंटन, लक्षित योजनाओं का क्रियान्वयन तथा समावेशी विकास दीर्घकालिक रूप से सम्पन्न होते हैं। जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है।


