गोविंदगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय शातिर हिस्ट्रीशीटर अवैध हथियार सहित गिरफ्तार
अलवर जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में अवैध हथियारों और वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने क्षेत्र के सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर अमरीक सिंह उर्फ अमीर सिंह (25) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा (315 बोर) बरामद किया है।
घेराबंदी कर दबोचा शातिर अपराधी
थानाधिकारी धर्मसिंह के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नसबारी से सिगराका जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की और आरोपी को हथियार सहित दबोच लिया।
अपराध का 'प्रोफेशनल' खिलाड़ी: 20 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी अमरीक सिंह चोरी की वारदातों का विशेषज्ञ है। उसके खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न जिलों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं:
-
आरोपी ने भिवाड़ी के टपूकड़ा, खुशखेड़ा से लेकर अलवर शहर के अरावली विहार, कोतवाली और शिवाजी पार्क जैसे इलाकों में दर्जनों वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम कर रखा था। हरियाणा के फरीदाबाद में भी इसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफल बनाने में थानाधिकारी धर्मसिंह, उप-निरीक्षक किशनलाल, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल गजाधर सिंह, बलराम, रामचरण और बलजीत सिंह ने अदम्य साहस का परिचय दिया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर संभावना जताई जा रही है कि वाहन चोरी की कई अन्य बड़ी वारदातों और गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा हो सकता है।


