पेनोरमाओं को पर्यटन हब बनाने के लिए नवाचार अपनाएं-जिला कलक्टर

May 12, 2026 - 19:10
 0
पेनोरमाओं को पर्यटन हब बनाने के लिए नवाचार अपनाएं-जिला कलक्टर

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में संचालित पेनोरमाओं के संचालन, रख-रखाव एवं पर्यटन विकास संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेनोरमाओं को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने तथा आमजन की सहभागिता बढ़ाने को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले के पेनोरमाओं को नई पहचान दिलाने के लिए सभी अधिकारी नवाचारात्मक प्रयास करें, जिससे भरतपुर पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभर सके। उन्होंने रूपवास उपखंड क्षेत्र स्थित महाराणा सांगा पेनोरमा, खानवा में कराए गए सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर रूपवास उपखंड अधिकारी से फीडबैक भी लिया।
उन्होंने कहा कि महाराणा सांगा पेनोरमा, खानवा में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से थीम आधारित खाद्य उत्पाद, पेय पदार्थ, जूस, चाट सामग्री आदि के अस्थायी ठेले एवं स्टॉल लगाने की कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही भामाशाहों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सरस पार्लर एवं लोकल चौपाटी विकसित करने हेतु भूमि उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि पर्यटकों को महाराणा सांगा पेनोरमा, खानवा तक पहुंचने में सुविधा हो, इसके लिए मुख्य मार्गों पर दिशा सूचक साइन बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने महाराणा सांगा पेनोरमा, खानवा तथा लोहागढ़ फोर्ट स्थित महाराजा सूरजमल पेनोरमा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि महाराणा सांगा एवं महाराजा सूरजमल जैसे महापुरुषों के शौर्य, पराक्रम और इतिहास से युवा पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है। इसके लिए शिक्षा विभाग एवं शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से निजी एवं राजकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की नियमित शैक्षणिक यात्राएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पुरातत्व, पर्यटन, शिक्षा एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेनोरमाओं में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए नवाचारात्मक गतिविधियां एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

 साथ ही दोनों धरोहर स्थलों पर नियमित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम आयुक्त, भरतपुर एवं रूपवास उपखंड अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेनोरमाओं के विकास एवं जनसहभागिता बढ़ाने के लिए सकारात्मक पहल करते हुए सुझाव आमंत्रित किए जाएं।
बैठक में एडीएम सिटी राहुल सैनी, नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, रूपवास उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल, पुरातत्व विभाग के राजन कुमार, पंकज मीना, बीडीए के बी.एल. शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................