ग्राम विकास रथ अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक : नरेश बंसल

May 12, 2026 - 20:01
 0
ग्राम विकास रथ अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक : नरेश बंसल

हलैना (विष्णु मित्तल) राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित “ग्राम विकास रथ अभियान” के अंतर्गत ग्राम विकास रथ डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र की आदर्श ग्राम पंचायत रारह पहुंचा। ग्राम विकास रथ के आगमन पर ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला तथा जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वीडियो श्रृंखला के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही ग्रामवासियों को स्वामित्व योजना के तहत आवासीय भूमि के पट्टे वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने सरकार की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी नरेश बंसल एवं डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर ग्राम विकास रथ का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी नरेश बंसल जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ अभियान केवल योजनाओं का प्रचार नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर आमजन को सरकार से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास, सुशासन एवं जनसेवा की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा सरकार गांव, गरीब, किसान एवं युवा हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि गांवों का समग्र विकास ही विकसित राजस्थान की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं कृषि क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रही है तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है। विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है तथा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।

आदर्श ग्राम पंचायत रारह की सरपंच कुसुम सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्राम विकास रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। इससे गांव के आमजन को घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत रारह को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने हेतु निरंतर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री मोहन रारह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के उत्थान के लिए प्रभावी योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ अभियान विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर सभी अतिथियों का माला, साफा एवं दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष श्याम सुंदर गौड़, लाखन सिंह, रज्जन सिंह, जगदीश अजान, जिला मंत्री सुंदर सिंह, जिला प्रवक्ताश्री दिनेश लवानिया, जिला कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह गुर्जर, एसटी मोर्चा प्रदेश मंत्री राहुल मीणा, अजान गुनसारा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ऊधम सिंह चाहर, विकास अधिकारी कुम्हेर रणवीर सिंह, तहसीलदार मुकेश गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। अंत में मोहन रारह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों का कार्यक्रम में सहयोग, सहभागिता एवं सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................